logo

देश के विभाजन के लिए कांग्रेस जिम्मेदार, गिरिडीह में बोले बाबूलाल मरांडी

babulal1.jpeg

गिरिडीह 

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने आज गिरिडीह में पंचायत समिति सदस्यों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में कहा कि देश के विभाजन के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। कहा कि कांग्रेस ने अगर तुष्टिकरण की नीति नहीं अपनायी होती, तो विभाजन को टाला जा सकता था। बता दें कि मरांडी आज पंचायत समिति सदस्यों के प्रशिक्षण कार्यक्रम हिस्सा लेने गिरिडीह पहुंचे थे। कार्यक्रम का उद्धाटन करने के बाद उन्होंने कहा कि भारत के गौरवशाली अतीत को पुनः प्राप्त कर विश्व गुरु बनाना है। कहा कि इसी के लिए जनसंघ और फिर बीजेपी की स्थापना हुई है। बीजेपी की राजनीति के केंद्र में राष्ट्र सेवा सर्वोपरि है। कहा कि बीजेपी के पांच मंत्रों में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, लोकतंत्र, गांधीवादी समाजवाद, सर्व धर्म समभाव और मूल्य आधारित राजनीति को स्थान दिया गया है। 

बीजेपी ने कभी विचारों से समझौता नहीं किया 

मरांडी ने कहा कि बीजेपी जो कहती है, वह करती भी है। हमने विचारों से कभी समझौता नहीं किया। स्वतंत्र भारत में राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए पहला बलिदान जनसंघ के संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने दिया। कहा कि भले ही उस वक्त हमारा जनाधार बड़ा नहीं था, लेकिन हमारा संकल्प भारत की जन भावनाओं के अनुरूप था। राष्ट्र सेवा के प्रति हमारी वैचारिक प्रतिबद्धता मजबूत थी। कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा देश पर थोपे गए आपातकाल में जनसंघ ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपनी पहचान तक मिटा दी। इसे देश की जनता भी जानती है। कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति ने देश का बड़ा नुकसान किया है। देश का विभाजन भी कांग्रेस की तुष्टिकरण का ही परिणाम था। बीजेपी ने तुष्टिकरण की नीति नहीं, बल्कि सबका साथ सबका विकास का रास्ता अपनाया है। हमारी योजनाओं में किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जा रहा है। 

बीजेपी की ताकत का आधार बताया 

मराडीं ने बताया कि बीजेपी आज अपने सैद्धांतिक प्रतिबद्धताओं के आधार पर आगे बढ़ रही है। इसी आधार पर विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। कहा कि बीजेपी ने राजनीति में परिवारवाद औऱ वंशवाद की धार को कमजोर किया है। जबकि दूसरी पार्टियों में इन्हीं चीजों का बोलबाला है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया का सिरमौर बन रहा है। गांव, गरीब, किसान, आदिवासी, दलित और पिछड़े, सभी समाज विकास की मुख्य धारा से जुड़ रहे हैं। भारत का सांस्कृतिक गौरव पुनः स्थापित हो रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी की इसी ताकत से दूसरे दलों को तकलीफ हो रही है।